उत्तर प्रदेशक्राइम

खुर्जा तिहरे हत्याकांड का मुख्य आरोपी Encounter में ढेर, 50 हजार का इनामी जीतू सैनी मारा गया

बुलंदशहर। बुलंदशहर के चर्चित खुर्जा तिहरे हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले के मुख्य आरोपी और 50 हजार रुपये के इनामी जीतू सैनी को गुरुवार सुबह पुलिस मुठभेड़ में ढेर कर दिया गया। यह एनकाउंटर सिकंदरपुर फ्लाईओवर के पास उस समय हुआ, जब पुलिस टीम आरोपी की तलाश में दबिश दे रही थी।

पुलिस के अनुसार, उत्तर प्रदेश पुलिस की स्वाट टीम और खुर्जा कोतवाली पुलिस को सूचना मिली थी कि जीतू सैनी इलाके में मौजूद है। घेराबंदी के दौरान आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। इस मुठभेड़ में जीतू सैनी गंभीर रूप से घायल हो गया और बाद में उसे मृत घोषित कर दिया गया।

मुठभेड़ के दौरान स्वाट टीम प्रभारी समेत चार पुलिसकर्मी भी घायल हो गए। इनमें एक हेड कांस्टेबल भी शामिल है। घायल पुलिसकर्मियों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। वहीं खुर्जा कोतवाल रामपाल सिंह और पुलिसकर्मी कपिल कुमार बुलेट प्रूफ जैकेट की वजह से बाल-बाल बच गए।

बताया जा रहा है कि इस दौरान एक अन्य आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

गौरतलब है कि 25 अप्रैल को खुर्जा के सुभाष रोड स्थित आरजेएस फिटनेस जिम में तिहरे हत्याकांड को अंजाम दिया गया था। इस घटना में पूर्व सभासद संजय सैनी के भाई मनीष, अमनदीप और भतीजे आकाश सैनी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने दस नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।

अब तक पुलिस पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि तीन को मुठभेड़ के दौरान पकड़ा गया था। मुख्य आरोपी के एनकाउंटर के बाद पुलिस इसे बड़ी सफलता मान रही है, हालांकि फरार आरोपी की गिरफ्तारी अभी बाकी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button