मोदीनगर में सनसनी: 10 साल की बच्ची का पीछा करता दिखा संदिग्ध, CCTV में कैद हुई करतूत!

मोदीनगर। नगर की एक कॉलोनी में सोमवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब स्कूल से घर लौट रही दस वर्षीय बच्ची का एक अज्ञात युवक द्वारा पीछा किए जाने का मामला सामने आया। सतर्कता दिखाते हुए बच्ची ने सूझबूझ से काम लिया और पास के एक घर में जाकर खुद को सुरक्षित किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति की पुत्री स्थानीय स्कूल से छुट्टी के बाद घर लौट रही थी। आरोप है कि इसी दौरान एक संदिग्ध युवक उसका पीछा करने लगा। बच्ची को जब इसका आभास हुआ तो उसने अपनी चाल तेज कर दी, लेकिन युवक लगातार पीछे आता रहा। किसी अनहोनी की आशंका को देखते हुए बच्ची गली के एक घर में छिप गई और अपने पिता को सूचना दी।
घटना के बाद परिवार ने थाने में तहरीर दी है। बताया जा रहा है कि संदिग्ध युवक की हरकतें इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर उसकी पहचान करने में जुटी है।
क्षेत्राधिकारी (एसीपी) भास्कर वर्मा ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही उचित कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद कॉलोनीवासियों में चिंता का माहौल है।



