ग्राम अहेमी में बाबा हरदेव राजा की पूजा हवन संपन्न

पिहानी (हरदोई)। पिहानी थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत अहेमी में रविवार देर शाम चौराहा पर युग-युगान्तर से चली आ रही परंपरा के तहत बाबा हरदेव राजा की पूजा हवन का आयोजन किया गया।
मुख्य यज्ञाचार्य पंडित छोटे लाल दीक्षित ने सैकड़ों वेद-मंत्रों के उच्चारण के साथ पूजा हवन संपन्न कराया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने बाबा हरदेव राजा के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय बना दिया।
ग्रामीणों ने बताया कि इस पूजा में बाबा हरदेव राजा को गांव के सभी देवी-देवताओं का अध्यक्ष मानकर पूजा जाता है। मान्यता है कि इस अनुष्ठान से गांव में सुख-समृद्धि, निरोगता और शांति बनी रहती है। यह आयोजन केवल ग्राम अहेमी में ही नहीं बल्कि आसपास के गांवों में भी प्रतिवर्ष होता है।
पूजा आयोजन में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि बबलू सिंह यादव, सुखदेव सिंह यादव, दिरगज कुमार, हरिपाल, स्वामी दयाल सुल्तान, जागेश्वर, राजू बाबा, सतीराम, सुशील छोटे बाबा, पुष्पेंद्र सिंह यादव, दिलीप यादव, आशीष यादव, नीरज यादव, अरुण यादव, मोनू यादव, शैलेंद्र सिंह, नरेंद्र सिंह, राजीव कुमार सहित सैकड़ों भक्त मौजूद रहे।


