गंगा नदी में शराब पीते पर्यटकों का वीडियो वायरल, स्थानीय युवाओं ने जताई नाराजगी

ऋषिकेश। तीर्थनगरी ऋषिकेश में गंगा नदी की पवित्रता को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ पर्यटक गंगा नदी में बैठकर शराब का सेवन करते नजर आ रहे हैं।
जानकारी के अनुसार वायरल वीडियो करीब दो दिन पुराना बताया जा रहा है। वीडियो में कुछ स्थानीय युवा गंगा नदी में शराब पी रहे तीन पर्यटकों को रोकते हुए दिखाई दे रहे हैं। स्थानीय लोगों ने पर्यटकों को गंगा की मर्यादा और धार्मिक महत्व के बारे में समझाने का प्रयास किया।
वीडियो में एक पर्यटक शराब के नशे में पूरी तरह धुत नजर आ रहा है। उसके हाथ में शराब की बोतल और ग्लास दिखाई दे रहा है। वह चलते समय लड़खड़ाता हुआ भी नजर आ रहा है। इस दौरान स्थानीय युवाओं ने उसकी हरकतों पर आपत्ति जताई और गंगा किनारे इस तरह की गतिविधि न करने की चेतावनी दी।
ऋषिकेश में गंगा नदी को आस्था और श्रद्धा का प्रतीक माना जाता है। यहां देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु और पर्यटक आध्यात्मिक अनुभव के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में गंगा किनारे शराब सेवन की घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन को ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि गंगा की गरिमा और धार्मिक महत्व बनाए रखा जा सके। उन्होंने गंगा घाटों पर निगरानी बढ़ाने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, वायरल वीडियो सामने आने के बाद प्रशासन की ओर से मामले की जांच की बात कही जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर अनुचित गतिविधियों को किसी भी हालत में बढ़ावा नहीं दिया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।



