उत्तर प्रदेशक्राइमहापुड़

सिम्भावली में चोर बेखौफ, वेल्डिंग की दुकान का ताला तोड़ ₹50 हजार का सामान चोरी

(हापुड़),सिम्भावली। थाना सिम्भावली क्षेत्र में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। लगातार हो रही वारदातों से क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल है। ताजा मामले में चोरों ने ग्राम फरीदपुर स्थित एक वेल्डिंग की दुकान को निशाना बनाते हुए करीब 50 हजार रुपये का सामान चोरी कर लिया। घटना के बाद एक बार फिर पुलिस की रात्रि गश्त पर सवाल उठने लगे हैं।

जानकारी के अनुसार, ग्राम फरीदपुर निवासी खलील अहमद पुत्र नसरुद्दीन की एनएच-9 स्थित वेल्डिंग की दुकान के दोनों ताले अज्ञात चोरों ने रात के समय तोड़ दिए। इसके बाद चोर दुकान में रखी वेल्डिंग मशीन, वेल्डिंग लीड, एलपीजी गैस सिलेंडर, कटर मशीन तथा करीब 50 किलो वजन का लोहे का ठिया चोरी कर फरार हो गए। चोरी हुए सामान की कीमत लगभग 50 हजार रुपये बताई जा रही है।

सुबह दुकान पर पहुंचने पर खलील अहमद को घटना की जानकारी हुई। दुकान के ताले टूटे देखकर उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी और थाना सिम्भावली में अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पीड़ित ने पुलिस से चोरी हुए सामान की बरामदगी और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से क्षेत्र के लोगों में नाराजगी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस रात में गश्त करने का दावा करती है, लेकिन इसके बावजूद चोर बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो अपराधियों के हौसले और बढ़ सकते हैं।

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही संदिग्ध लोगों से पूछताछ कर रही है। वहीं, क्षेत्रवासी पुलिस से जल्द खुलासे की उम्मीद लगाए हुए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button