हापुड़ में कांग्रेस का “वोट चोर गद्दी छोड़” हस्ताक्षर अभियान, पुलिस की भूमिका पर भी सवाल

उत्तर प्रदेश के हापुड़ जनपद में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राकेश त्यागी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दिल्ली रोड स्थित शहीद स्मारक पर “वोट चोर गद्दी छोड़” हस्ताक्षर अभियान चलाया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर चुनाव आयोग की कथित गलत नीयत के खिलाफ अपनी सहमति दर्ज कराई।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि यह अभियान अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी और उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर पूरे देश में चलाया जा रहा है, और जनता इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रही है।
हालाँकि कार्यक्रम के दौरान एक नशे में धुत व्यक्ति घुस आया और “मोदी जिंदाबाद, योगी जिंदाबाद” के नारे लगाने लगा। कांग्रेस ने इसे भाजपा की साज़िश बताया और आरोप लगाया कि पुलिस प्रशासन ने गंभीरता से कार्रवाई नहीं की, बल्कि मौके पर मौजूद दरोगा और सिपाही इस घटनाक्रम पर उपहास करते रहे।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इस पर कड़ा विरोध जताया और कहा कि भाजपा समर्थकों को पुलिस की शह मिल रही है। बाद में जिलाध्यक्ष राकेश त्यागी, पूर्व विधायक गजराज सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष सैय्यद अयाजुद्दीन समेत कांग्रेस पदाधिकारी SP कार्यालय पहुंचे और एडिशनल SP विनीत भटनागर से शिकायत दर्ज कराई।
ASP ने आश्वासन दिया कि नशे में धुत होकर कार्यक्रम में खलल डालने और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने दोनों आरोपियों को जेल भेजने और मौके पर लापरवाही दिखाने वाले दरोगा व सिपाही के खिलाफ भी कार्रवाई के आदेश दिए।
इस मौके पर पिलखुआ नगर अध्यक्ष रजनीश त्यागी, जिला उपाध्यक्ष राजकुमार शर्मा, सुबोध शास्त्री, सिंभावली ब्लॉक अध्यक्ष जितेंद्र नागर, गढ़मुक्तेश्वर ब्लॉक अध्यक्ष बिजेंद्र त्यागी सहित कई कांग्रेस पदाधिकारी मौजूद रहे।



